

नानकमत्ता(उधम सिंह नगर)- श्रीगुरुनानक देव स्नातकोत्तर महाविद्यालय नानकमत्ता की दो मेधावी छात्राओं को विश्वविद्यालय के 20वें दीक्षांत समारोह में पाठ्यक्रम में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर मेडल प्रदान किए गए।
भारत की महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा दोनो मेधावी छात्राओं को दीक्षांत समारोह में पदक प्रदान किए गए। जिसमें बी.ए. पाठ्यक्रम की छात्रा साक्षी को विश्वविद्यालय स्तर पर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर रजत पदक एवं एम.ए. शिक्षाशास्त्र पाठ्यक्रम की छात्रा कु. दीपा को स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर महाविद्यालय संरक्षक बाबा सुरेन्द्र सिंह, प्रबंधक स. चरनजीत सिंह, प्राचार्य डॉ. सीता मेहता, विभागाध्यक्ष शिक्षा संकाय डॉ. इंदु बाला तथा महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगणों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने दोनों मेधावी छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्राचार्य डॉ. सीता मेहता ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 तक महाविद्यालय की 13 छात्राओं ने स्वर्ण पदक, 1-1 छात्रा को रजत व कांस्य पदक प्राप्त हुए हैं तथा साथ ही कहा कि मेधावियों द्वारा महाविद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया है।






